मखनपुर गांव में देर शाम दो परिवारों में मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। मखनपुर गांव में देर शाम दो परिवारों में आपसी कहासुनी के बाद एक दूसरे पर तेज धार हथियारों से हमला कर करने की वारदात सामने आई है। वारदात में चार लोग जख्मी हुए हैं। घायलों को बिश्नाह उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जिसमें एक घायल जगन्नाथ को प्राथमिक उपचार करने के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार मखनपुर गांव के रमेश लाल और कंचन के बीच गली में दुकान के सामने मोटरसाइकिल खड़ी करने पर विवाद हो गया मीडिया के समक्ष अपनी बात रखते हुए दोनों परिवारों ने एक दूसरे पर झगड़ा शुरू करने और तेजधार हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया। रमेश लाल ने बताया कि गांव के निवासी कंचन ने उनकी दुकान के आगे मोटरसाइकिल खड़ी की, जिसको उन्होंने मोटरसाइकिल थोड़ा साइड पर लगाने की बात कही। रमेश लाल ने आरोप लगाया कि इतनी सी बात पर कंचन भड़क गया और गली गलौज करने लगा। इतने में उसके परिवार के अन्य सदस्य भी आ गए और उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। वहीं इस लड़ाई में घायल हुए कंचन ने बताया कि उसने मोटरसाइकिल गली के बिल्कुल एक तरफ लगाया था, मगर इसके बावजूद रमेश लाल ने उसके साथ गाली गलौज की और साथ ही तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इसमें कंचन और जगन्नाथ को गंभीर चोटें आईं हैं। वारदात की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ आरएस पुरा निखिल गोगना और बिश्नाह थाना प्रभारी आबिद बुखारी ने पुलिस टीम के साथ बिश्नाह उप जिला अस्पताल में पहुंचकर दोनों पक्षों के बयान दर्ज दिए बिश्नाह पुलिस ने दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज करके वारदात की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।