जम्मू। नरवाल में दो सड़क हादसों में टैंकर चालक सहित बुजुर्ग की मौत हो गई। पहले हादसे में चालक तकनीकी खराबी को दूर करने लिए टैंकर के नीचे घुसा था, जैसे ही बाहर निकला तो पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से टैंकर चालक को जीएमसी पहुंचाया गया, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त बबलू कुमार निवासी पौनी (रियासी) के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में रखा गया है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उधर, नवराल के ही यार्ड नंबर छह में ट्रक की टक्कर से 60 वर्षीय बुजुर्ग मोहिंद्र सिंह निवासी रियासी की मौत हो गई है। पुलिस ने पोस्टमाटर्म के लिए शव को जीएमसी में रखवाया है। पुलिस जांच कर रही है।