ज्यौड़ियां। खौड़ उपजिले के गांव कलीठ के ग्रामीणों ने वीरवार को ट्यूबवेल मामले को लेकर एसडीएम खौड़ सतीश कुमार शर्मा से मुलाकात की और समस्या बताई। ग्रामीणों ने बताया कि हमारे गांव कलीठ के लिए आया ट्यूबवेल तीन किलोमीटर दूर गांव ढांगर में लगाया जा रहा है। हमारी मांग है कि ट्यूबवेल हमारे गांव में ही लगाया जाए।
इस पर एसडीएम ने सबांधित विभाग के अधिकारियों को अपने कार्यालय में बुलाया और लोगों के सामने उनसे इस मामले पर बातचीत की। इस पर जलशक्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गांव कलीठ काफी ऊंचाई पर है और वहां पर पानी आने की संभावना बहुत ही कम है। वहीं एसडीएम ने अधिकारियों को ट्यूबवेल के जारी काम पर विराम लगाने के लिए कहा और जलशक्ति विभाग के भू-गर्भ जल विंग को निर्देश दिये कि वह गांव कलीठ में पहुंच कर जांच करे कि वहां पर पानी आने की कितनी संभावना है और कितनी गहराई पर पानी है। इसकी जांच दो दिन में की जाए।
इस मौके पर उपस्थित ग्रामीण पूर्व नायब सरपंच शाम लाल, पंचायत के पूर्व चेयरमैन बलवान सिंह, पूर्व पंच गोपाल कृष्ण, देवराज ने बताया कि हमारे गांव में पहुंचकर विभाग की टीम चार-पांच जगहों पर पानी की जांच करे। अगर हमें अपने गांव में ट्यूबवेल लगाने के लिये अपनी भूमि भी देनी पड़े तो हम लोग तैयार हैं। एईई तिलक राज ने बताया कि हमने एसडीएम के निर्देश पर काम को दो दिन के लिए बंद कर दिया है। विभाग की टीम कलीठ गांव में पहुंच कर पानी की गहराई और क्षमता की जांच करेगी। इसके बाद ही काम शुरू किया जाएगा।