जम्मू वायुसेना स्टेशन पर बलिदानी सैन्य अफसरों को श्रद्धाजंलि देते हाइट नाइट कार्प के जनरल ऑफिसर
- फोटो : Samvad
जम्मू। अखनूर में एलओसी पर बलिदान सैन्य अफसरों को जम्मू में सेना ने श्रद्धांजलि दी। जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सचदेवा ने बुधवार को जम्मू एयरपोर्ट पर झारखंड (रांची) के कैप्टन करमजीत सिंह बख्शी और सांबा के नायक मुकेश सिंह मन्हास को श्रद्धांजलि दी। कहा कि वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। दोनों के पार्थिव शरीर उनके गृहनगर भेजे गए। मौके पर मंडलायुक्त रमेश कुमार, एडीजीपी आनंद जैन, आईजी भीम सेन टूटी सहित वायुसेना, पुलिस और सिविल अधिकारी भी मौजूद रहे। बीते मंगलवार को आतंकियों की ओर से लगाई गई आईईडी से दो सैन्यकर्मी बलिदान हो गए थे। विस्फोट के बाद सेना के जवानों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन आतंकियों का सुराग नहीं मिला। माना जा रहा है कि आईईडी विस्फोट करने के बाद दहशतगर्द सीमा पार भाग गए। ब्यूरो