संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। राजोरी के कोटरंका डिविजन के केसरी हिल में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन में शहीद हुए जवानों को जम्मू-कश्मीर नेशनलिस्ट पीपुल्स फ्रंट (जेकेएनपीएफ) ने शनिवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। जम्मू विश्वविद्यालय कैंपस में आयोजित समारोह में जेकेएनपीएफ के कार्यकर्ताओं और अन्य छात्रों ने नम आंखों से शहीदों को पुष्प अर्पित किए। जेकेएनपीएफ जम्मू प्रांत के युवा अध्यक्ष प्रतिक रैना ने पाकिस्तान के खिलाफ विरोध जाहिर करते हुए कहा कि वह कायराना हरकत से बाज नहीं आ रहा है। जम्मू संभाग में शांति भंग करने के लिए लगातार हमले करवा रहा है। बहादुर सुरक्षा बल के जवान मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम हैं।
हाईकोर्ट में वकीलों ने किया प्रदर्शन
जम्मू। जम्मू और कश्मीर उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन से जुड़े वकीलों ने राजोरी के कंडी क्षेत्र में पांच सैन्य जवानों की शहादत पर शनिवार को जानीपुर में अदालत परिसर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भारत में सीमा पार आतंकवाद को पाकिस्तान के निरंतर समर्थन के खिलाफ मजबूत विरोध दर्ज कराने के लिए था। उन्होंने कहा कि सरकार से खतरे से सख्ती से निपटने का अनुरोध करते हैं। प्रदर्शन में बार एसोसिएशन अध्यक्ष विक्रम शर्मा, महासचिव परवेश सिंह सलारिया, उपाध्यक्ष अमित गुप्ता, संयुक्त सचिव चेतन मिश्री, कोषाध्यक्ष उत्कर्ष पठानिया, यंग लायर्स एसोसिएशन अध्यक्ष रोहित शर्मा आदि मौजूद रहे। ब्यूरो