सांबा। घगवाल के अंतर्गत आने वाले पहाड़ी गांव निचला के सरकारी स्कूल में आईटीबीपी की 47 वीं वाहिनी के जवानों की ओर से पौधरोपण अभियान चलाया गया। इसकी जानकारी वाहिनी के इंस्पेक्टर तिलक राज ने दी। उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारी सुभाष चंद्रा के निर्देश पर निचला के सरकारी स्कूल में पौधरोपण अभियान चला कर स्कूल में 500 पौधे लगाए गए। इनमें 100 से अधिक फलदार पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि यदि पौधे लगाएंगे तो पर्यावरण भी बचा रहेगा। उन्होंने खास कर युवाओं से आह्वान किया है कि अपने क्षेत्र में पौधे जरूर लगाएं। स्कूल के प्रधानाचार्य ने जवानों के कार्य की सराहना की।