अमर उजाला ब्यूराे
जम्मू। रेलवे पुलिस ने ट्रेनों में यात्रियों का सामान चुराने वाले शातिर को दबोचा है। चोरी के गहने और नकदी बरामद हुई है। उसके साथियों की पहचान और तलाश के लिए पूछताछ जारी है।
15 मई को महिला यात्री ने शिकायत में बताया कि वह उधमपुर स्पेशल ट्रेन में थी। बाड़ी ब्राह्मणा से कुछ संदिग्ध ट्रेन में चढ़े थे और उनके पास से गुजरने के कुछ देर बाद ही सोने का हार चोरी हो गया। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि संदिग्ध लोग हरियाणा के हैं। इसके बाद हरियाणा रेलवे पुलिस से संपर्क किया। रेलवे हरियाणा और जम्मू ने मिलकर अंबाला के रहने वाले राजेश कुमार को दबोचा। उसकी निशानदेही पर 13 लाख के गहने और 30 हजार की नकदी बरामद की गई। एसएचओ जम्मू रेलवे स्टेशन नियाज चौधरी ने बताया कि आरोपी ने अन्य ट्रेनों से भी यात्रियों का सामान चुराया है।