- 13-14 को बारिश-बर्फबारी के आसार, राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन से यातायात हो सकता है प्रभावित
- दोपहर दो बजे के बाद श्रीनगर के लिए रवाना किए गए यात्री वाहन, ट्रकों को नहीं मिली अनुमति
अमर उजाला ब्यूरो/संवाद
जम्मू/उधमपुर। नेशनल हाईवे अथाॅरिटी ने बीस घंटे बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया है। रविवार दोपहर दो बजे रास्ते में फंसे वाहनों को जखैनी चौक से श्रीनगर की ओर रवाना किया गया। हालांकि ट्रकों को अभी घाटी जाने की अनुमति नहीं दी गई है। उधमपुर में फंसे 500 यात्री वाहनों को निकाला गया है। इसके साथ ही रविवार को मौसम ने फिर करवट बदल ली, प्रदेश भर में दिन भर बादल छाए रहे। जम्मू-कश्मीर में फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का अनुमान है। इसके कारण 13 और 14 मार्च के दौरान आसमान में ज्यादातर बादल छाए रहेंगे और कुछ हिस्सों, विशेषकर ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश/बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, 13 और 14 मार्च को जम्मू-कश्मीर के मैदानी इलाकों में तेज हवाएं चलने और गरज/बिजली गिरने की भी आशंका है। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग के कई हिस्सों में भूस्खलन की आशंका के साथ यातायात बाधित हो सकता है।
हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों के अनुसार, रामबन के डलवास, हिंगनी, कैफेटेरिया मोड़, मंकी मोड़, पंथाल और बनिहाल तक सड़क के चौड़ीकरण के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद किया गया था। हालांकि रोजमर्रा की तरह किश्तवाड़, डोडा, भद्रवाह की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही लगातार जारी रही।
-
श्रीनगर की ओर रवाना होते ही
यात्रियों ने ली राहत की सांस
जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सड़क के मरम्मत कार्य को लेकर नेशनल हाईवे अथाॅरिटी की ओर से शनिवार शाम पांच बजे से हाईवे को बंद कर दिया था। इसके चलते यात्री वाहनों को उधमपुर के जखैनी चौक से आगे नहीं जाने दिया गया। यात्रियों और चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम उधमपुर से मिली जानकारी के 500 यात्री वाहनों को उधमपुर के विभिन्न क्षेत्रों में रोका गया था। जो हाइवे खुलते ही जखैनी चौक से रवाना कर दिए गए हैं, इससे यात्रियों ने राहत की सांस ली। हालांकि ट्रकों को अभी आगे जाने की अनुमति नहीं है।