जम्मू-कश्मीर में पंचायती चुनाव का आठवां चरण शनिवार को संपन्न हो गया। प्रदेश में आठवें चरण में कुल 79.9 फीसदी मतदान हुआ। जम्मू संभाग में 85.1
प्रतिशत मतदान हुआ। रियासी जिले में सबसे ज्यादा 89.8 प्रतिशत वोटिंग रिकॉर्ड की गई। कश्मीर संभाग में मतदान का प्रतिशत 49.6 दर्ज किया गया। वोटिंग सुबह
आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चली।
43 सरपंच और 681 पंच पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। वोटिंग कुल 331 सरपंच ओर 2007 पंच सीटों के लिए हुई। इन सीटों के लिए कुल 6304 प्रत्याशी
चुनावी मैदान में थे। चुनाव के लिए कुल 2633 पोलिंग स्टेशन बनाए गए थे। इनमें 550 कश्मीर संभाग में, जबकि 2083 जम्मू संभाग में बनाए गए थे। 361 पोलिंग
स्टेशनों को अति संवेदनशील घोषित किया गया था। इनमें से 190 जम्मू संभाग में, जबकि 171 कश्मीर संभाग में स्थित थे।
कश्मीर के तीन जिलों में धीमी रही चाल
कश्मीर संभाग के तीन जिलों श्रीनगर, बड़गाम और बांदीपोरा में मतदान की चाल बेहद धीमी रही। श्रीनगर में दोपहर 12 बजे तक महज 7.7 फीसदी मतदान हुआ था।
वहीं, बड़गाम में यह प्रतिशत केवल 6.5 रहा। बांदीपोरा में दोपहर तक केवल 10.8 प्रतिशत मतदान हो चुका था। यहां का फाइनल वोटर टर्न आउट भी बहुत उतार-चढ़ाव
वाला नहीं रहा। श्रीनगर, बड़गाम और बांदीपोरा तीनों जगह आखिरी मत प्रतिशत क्रमश: 11.6, 9.1 और 18 फीसदी रिकार्ड किया गया।
अब केवल एक ही और चरण बाकी
राज्य में पंचायत चुनाव नौ चरणों में संपन्न होना है। आठ चरण पूरे हो चुके हैं। अब केवल एक ही और चरण का मतदान बाकी है। यह 11 दिसंबर को रखा गया है।
वोटिंग के साथ ही काउंटिंग भी कराई जा रही है।
जम्मू संभाग में यह रहा मत प्रतिशत
जिला प्रतिशत
जम्मू- 84.8
राजोरी- 82.4
सांबा- 84.0
कठुआ- 84.0
रियासी- 89.8
कश्मीर संभाग में वोटिंग प्रतिशत
कुपवाड़ा- 53.8
बांदीपोरा- 18.0
बारामुला- 56.9
श्रीनगर- 11.6
बड़गाम- 9.1