जम्मू में तैयार तिरुपति बालाजी मंदिर
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेनाइट से निर्मित की गई है भगवान वेंकेटेश्वर की मूर्ति
मंदिर के मुख्य गर्भ ग्रह में 8 फुट ऊंची भगवान वेंकेटेश्वर की मूर्ति प्रतिष्ठापित की गई है। मूर्ति के निर्माण में ग्रेनाइट का इस्तेमाल किया गया है। गर्भ ग्रह के बाहर भी छह फुट की भगवान वेंकटेश्वर की मूर्ति प्रतिष्ठापित की गई है। ये मूर्तियां आंध्र प्रदेश के गुंतूर शहर से लाई गई हैं। मंदिर में छह मई से मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की विशेष पूजा शुरू हुई थी, जिसके बाद से धार्मिक अनुष्ठान जारी था।
बुधवार को वैदिक मंत्रों के बीच मंदिर में मूर्तियां प्रतिष्ठापित की गईं। इस मंदिर को तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर ही बनाया गया है। जम्मू शहर में ये धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। मां वैष्णो देवी के दर्शन करने वाले भक्त अब जम्मू में तिरुपति बालाजी के दर्शन भी कर सकेंगे। इससे धार्मिक पर्यटन में वृद्धि के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
जम्मू में तिरुपति बालाजी मंदिर
- फोटो : अमर उजाला
तिरुमाला तिरुपति देवस्थान बोर्ड ने करवाया निर्माण
तिरुपति बालाजी मंदिर का निर्माण तिरुमाला तिरुपति देवस्थान बोर्ड द्वारा किया गया है। पहले चरण में भगवान बालाजी का मंदिर, पुजारियों व बोर्ड स्टाफ के लिए आवास, शौचालय व पार्किंग बनाई गई। दूसरे चरण में वेद पाठशाला, आध्यात्मिक केंद्र बनाए जाएंगे। आंध्र प्रदेश के ही 50 से अधिक कारीगरों ने निर्माण किया है। जून 2021 में मंदिर का शिलान्यास किया गया था।