महाराजा गुलाब सिंह को हमेशा महान योद्धा के रूप में याद रखा जाएगा : केपी सिंह
अखनूर। चिनाब दरिया के जिया पोता घाट पर शनिवार को जम्मू कश्मीर के प्रथम महाराजा गुलाब सिंह का 201वां राजतिलक दिवस मनाया गया। राजतिलक सेलिब्रेशन कमेटी चेयरमैन केपी सिंह अगुवाई में करवाए कार्यक्रम में डीडीसी चेयरमैन भारत भूषण, भाजपा उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री शाम लाल शर्मा और पर्यटन विभाग के जॉइंट सचिव सुनैना मेहता विशेष रूप से मौजूद रहे। पंडितों ने महाराजा गुलाब सिंह व महाराजा रणजीत सिंह के स्मारक पर पुष्प वर्षा कर श्रद्धांजलि दी।
पूर्व मंत्री शाम लाल शर्मा ने कहा कि जिया पोता घाट पर ही पंजाब के महाराजा रणजीत सिंह ने गुलाब सिंह का राजतिलक कर डोगरा राज्य की नींव रखी थी। यह दिवस जम्मू कश्मीर के लोगों खासकर डोगरों के लिए अहम है। महाराजा गुलाब सिंह ने जम्मू कश्मीर को बाहरी ताकतों से बचा कर रखा। युवा पीढ़ी को ऐसे महान महाराजा को हमेशा याद रखना चाहिए। डीडीसी चेयरमैन भारत भूषण ने कहा कि महाराजा गुलाब सिंह की अगुवाई में दुश्मन से जम्मू कश्मीर की सीमाएं सुरक्षित रहीं। सेलिब्रेशन कमेटी चेयरमैन केपी सिंह ने कहा कि महाराजा गुलाब सिंह को महान योद्धा के रूप में हमेशा याद रखा जाएगा। इस मौके पर रविकांता शर्मा, करण सिंह, राम लाल, जीपी सिंह, राजन सिंह, शमशेर सिंह आदि मौजूद थे।