बीएलओ को तीन दिनों में मतदाता स्लिप बांटने के निर्देश, 514 मतदाता घरों से ही डालेंगे वोट
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक शर्मा ने कहा कि 26 अप्रैल को दूसरे चरण के होने जा रहे लोकसभा चुनाव के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। जिले के 365 मतदान केंद्रों के लिए कर्मचारियों व अधिकारियों को नियुक्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि तीन माॅडल पिंक मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
बीएलओ को निर्देश जारी किए गए हैं कि तीन दिनों के भीतर मतदाताओं को मतदाता स्लिप बांट दें, ताकि मतदाताओं को पूरी जानकारी मिल सके। चुनाव आयोग के दिशा निर्देश पर वहां पर कर्मचारी भी महिला होंगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी महिला सुरक्षाकर्मी तैनात की जाएंगी। दिव्यांग के लिए घर पर ही वोट डालने की सुविधा देने की कोशिश की जाएगी। ऐसा पहली बार हो रहा है। उपायुक्त के अनुसार कि 514 ऐसे मतदाता हैं, जो घरों से ही वोट करेंगे। 179 दिव्यांग मतदाता हैं। 345 ऐसे मतदाता हैं, जो 85 वर्ष से अधिक आयु के हैं। उनके लिए 49 टीमें गठित की गई हैं, जो घर-घर जाकर वोट डलवाएंगे। कब और कहां किस पार्टी ने जाना है, इसके लिए सभी तैयारी कर ली गई है।
ईवीएम के बारे में सभी राजनीतिक दलों के लोगों को जानकारी दी जा चुकी है। आदर्श आचार संहिता की अवहेलना न हो, इसके लिए 9 सर्विलांस और 9 ही फ्लाइंग टीमों का गठन किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि 21 व 22 अप्रैल को घर-घर जाकर वोट डलवाने की प्रक्रिया शुरू होगी। जिला में 203 वेब कास्टिंग मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सीधी रिपोर्टिंग चुनाव आयोग को की जाएगी। जम्मू-रियासी लोकसभा सीट के चुनाव के लिए 22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनाव के लिए सभी उम्मीदवारों को ईवीएम का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। राजनीतिक दलों को रैली के लिए ऑनलाइन अनुमति लेनी है। ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न राजनीतिक दलों को 60 अनुमति दी जा चुकी है।
बाक्स
72 मतदान केंद्र संवेदनशील, कम्युनिटी बंकर भी किए तैयार
सांबा। जिला एसएसपी विनय शर्मा ने बताया कि 72 मतदान केंद्र संवेदनशील हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में सीमा के निकट के मतदाताओं के लिए कम्युनिटी बंकरों को तैयार किया गया है। यदि पाक की ओर से गोलीबारी होती है, तो वहां पर सुरक्षित मतदान करवाया जा सके। जिला पुलिस के अनुसार कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के वाद पुलिस ने 1335 लाइसेंसी हथियार जमा किए हैं। 112 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 9 लोगों के खिलाफ पीएसए के तहत कार्रवाई की गई है। दो लोगों के खिलाफ़ एनडीपीएस के तहत मामला दायर किया गया है। साढ़े पांच लाख की नकदी जब्त की गई है। 17 किलो ग्राम भुक्की बरामद की गई। 18 किलो ग्राम चरस पकड़ी गई, 13 लाख की हेरोइन जब्त की गई। एसएसपी के अनुसार लोकसभा चुनाव के लिए 27 कंपनियां सीआरपीएफ की और 17 कंपनियां आर्मर्ड पुलिस की तैनात की जाएंगी, जिनके रहने के लिए भी स्थान चिन्हित कर लिए हैं।