संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। स्मार्ट सिटी बन रहे शहर में जहां कई परियाेजनाओं की रफ्तार धीमी होने से लोग परेशान हैं तो सुंदरता बढ़ाने के लिए 3डी पेंटिंग प्रोजेक्ट अब सवालों के घेरे में आ गया है। परियोजना का मकसद पर्यटकों को प्रदेश की विरासत, धार्मिक स्थल और संस्कृति से रूबरू करवाना था। मगर हालात ऐसे हैं कि दो साल में कुछ स्थानों पर पेंटिंग्स टूट कर गिर रही हैं। जम्मू एयरपोर्ट रोड, साइंस कॉलेज, सर्किट हाउस, गंडोला के पास, कनवेंशन सेंटर, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के बाहर 3डी वॉल पेंटिंग की गई थी। इनमें सुपर स्पेशलिटी के बाहर मां वैष्णो देवी यात्रा और सामने दीवार पर बाबा अमरनाथ यात्रा को दिखाया गया था, लेकिन अब बाबा अमरनाथ की यात्रा की पेंटिंग टूट गई। लोगों के अनुसार विकास के नाम पर पैसों का दुरुपयोग किया जा रहा है। सही मापदंड पर काम नहीं हो रहा। अजय सिंह सैनी ने बताया कि विकास की जगह खानापूर्ति की जा रही है, क्योंकि दीवार पर छेद थे, ऐसे में कैसे पेंटिंग टिक सकती थी। राहुल शर्मा ने कहा कि काम की गुणवत्ता की जांच नहीं की जा रही। तिलक रैना ने कहा कि भगवान की फोटो दीवारों पर नहीं बनानी चाहिए। उधर, आला अधिकारियों के अनुसार पेंटिंग पुरानी हो गई थी।
पेंटिंग खुद तोड़ी है क्योंकि खराब हो रही थी। इस जगह अन्य काम करवाया जाना है।
-रवि सल्गोत्रा, एईई, स्मार्ट सिटी