स्कूल पढ़ने जा रहीं दो स्कूली बच्चियों के लिए बारिश मौत बनकर आई। इंदिरा कालोनी बारिश से तालाब बनी सड़क के गड्ढे में गिरकर दोनों की बुधवार को मौत हो गई, जबकि तीसरी छात्रा को एक सब्जी वाले ने डूबने से बचा लिया।
मृतक बच्चियों में मीनाक्षी (10) बरमीन, रामनगर और साक्षी (8) तिहाड़ी, रामनगर की रहने वाली थीं। दोनों बच्चियां परिवार के साथ जानीपुर में किराए के मकान में रह रही थीं।
मीनाक्षी के पिता रुडी राम ने बताया कि सुबह उसकी बड़ी बेटी शिल्पा और छोटी बेटी मीनाक्षी पास में स्थित ब्लू बर्ड स्कूल में पढ़ने के लिए जा रही थीं। उनके साथ साक्षी भी थी। तभी सड़क पर अचानक से काफी तेज पानी आ गया। सड़क में करीब तीन फुट की ऊंचाई से पानी बह रहा था।
तीनों बच्चियां पानी में गड्ढा देख नहीं पाईं। पहले साक्षी गिरी, उसे बचाने के लिए मीनाक्षी ने हाथ दिया तो वह भी पानी में गिर गई। मीनाक्षी को पक्ड़ने की कोशिश में शिल्पा भी पानी में बहने लगी।
पास से गुजर रहे युवक ने शिल्पा का हाथ पकड़ कर उसे बचा लिया, लेकिन अन्य दोनों गड्ढे में बहकर आगे चलीं गई। करीब 100 मीटर दूर जाकर दोनों पर नजर पड़ी तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। जिला उपायुक्त सिमरनदीप सिंह का कहना है कि मृतक बच्चियों के परिवार को एसडीआरएफ के तहत चार-चार लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है।