सांबा के रेईयां गांव की घटना, डेढ़ सप्ताह के अंदर ट्रैक्टर चोरी का दूसरा मामला
लोगों में भय, पुलिस से कर रहे चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिले के रेईयां गांव में डेढ़ सप्ताह में दूसरी चोरी का प्रयास होने से लोगों में भय है। वीरवार रात को कुछ लोगों ने घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर को चुराने का प्रयास किया। लेकिन, समय रहते पड़ोसी के कुत्ते ने चोरों पर भौंकना शुरू कर दिया, इसलिए चोर बिना घटना को अंजाम दिए ही फरार हो गए। लोगों ने पुलिस से चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
स्थानीय विजय सिंह, शाम चौधरी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में पहले छोटे वाहनों की चोरी होती थी। लेकिन, अब ट्रैक्टर भी चोरी होने लगे हैं। उन्होंने कहा कि 12 दिन पूर्व रेईयां के खनवाल गांव के शाम चौधरी के घर के बाहर ट्रैक्टर खड़ा था। कुछ लोगों ने एक अन्य ट्रैक्टर की सहायता से खड़े ट्रैक्टर को चोरी कर लिया। पड़ोसियों ने ट्रैक्टर के मालिक को जानकारी दी, लेकिन तब तक ट्रैक्टर गायब हो चुका था। उन्होंने पुलिस में तैनात अपने एक रिश्तेदार को चडवाल में फोन किया। पुलिस ने हाईवे पर नाका लगा दिया। जैसे ही चडवाल में वह ट्रैक्टर पहुंचा तो सामने पुलिस को देख चोर भाग निकले। इस तरह वाहन पुलिस को मिल गया।
लोगों ने बताया कि उसी तर्ज पर वीरवार रात को भी कुछ लोग एक ट्रैक्टर लेकर आए। स्थानीय निवासी कूडा राम के घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर को चुराने के प्रयास में चोरों ने गेट को बाहर से बंद कर दिया। परिवार वाले घर के अंदर थे। जैसे ही वह ट्रैक्टर को बांध कर ले जाने लगे तो पड़ोसी के कुत्ते ने चोरों पर भौंकना शुरू कर दिया। कुत्ते के जोर से भौंकने पर पड़ोसी ने घटना को देखा और शोर मचाया। इस बीच जब घर वालों ने गेट खोलना चाहा तो गेट बाहर से बंद था। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने गेट को खोला। यह चोरी का प्रयास भी विफल रहा।
उनका कहना था कि कुछ गुर्जर लोग रात को रेत बजरी का काम करते हैं। वह दिन में रेकी करते हैं व रात को चोरी को अंजाम देते हैं। यही नहीं, कुछ बाहरी क्षेत्र के लोग फेरी लगाने के बहाने गांवों में पहुंचते हैं। वह भी घरों की रेकी करते हैं और रात को चोरी करते हैं। बड़े वाहनों की चोरी के प्रयास से लोगों में भय है। पुलिस से अपील है कि चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।