अखनूर की पंचायत बोमाल के मोहल्ला बोमाल कैंप की घटना
संबंधी की मौत होने पर जालंधर गए थे घर के सभी लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। क्षेत्र की पंचायत बोमाल के मोहल्ला बोमाल कैंप में सोमवार रात को चोरों ने एक सूने घर को निशान बनाया। चोर यहां से हजारों की नकदी और लाखों के सोने-चांदी के आभूषण चुराकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बोमाल कैंप निवासी रेखा देवी ने बताया कि उनके भाई की जालंधर में मृत्यु हुई थी। इस कारण उनका परिवार सोमवार सुबह 8 बजे घर का ताला लगाकर जालंधर चला गया था। मंगलवार सुबह 5 बजे सब लोग घर पहुंचे। ताला खोलकर जैसे ही अंदर गए तो देखा कि दरवाजे का कुंडा टूटा हुआ है और भीतर की अलमारियां भी टूटी हुई थीं। उन्होंने बताया कि लोहे की किसी रॉड से सब तोड़ा गया है। रेखा देवी के अनुसार चोर बच्चों की गुल्लक तक ले गए। उन्होंने बताया उनके करीब 25 हजार रुपये नकद, सोने के कंगन, सोने की चेन, 2 अंगूठियां, मंगलसूत्र, तीन जोड़ी कानों के झुमके व कैंटीन से लाया हुआ घर का सामान जैसे साबुन, जैम पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
उन्होंने बताया कि चोरी का पता चलने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर आई और फोटो, वीडियो आदि लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय सुमन सिंह चिब ने बताया कि छह महीनों में बोमाल पंचायत में यह चौथी वारदात है, जिसमें लाखों की चोरी हुई है। एक ही पंचायत में लगातार यह चौथी चोरी है, लेकिन पुलिस ने अभी तक एक भी मामला नहीं सुलझाया है। उन्होंने मांग की कि पुलिस आधुनिक तरीकों का इस्तेमाल कर चोरों का पता लगाए और उन्हें गिरफ्तार करे। पुलिस को मौके से उंगलियों के निशान और मोबाइल लोकेशन, आदि की जांच करनी चाहिए।