धार्मिक स्थानों को चोर बना रहे निशाना, 20 हजार के करीब नकदी चुराई
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। क्षेत्र के धार्मिक स्थानों को चोरों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। वीरवार देर रात को पांच मंदिरों के ताले तोड़े गए, और दानपात्र के ताले तोड़कर नकदी चुराई गई है। दो दिन पहले क्षेत्र के बाला चक गांव में भी तीन मंदिरों को चोरों द्वारा निशाना बनाया गया था। मंदिरों के दानपात्र तोड़ कर नकदी चुरा ली गई थी।
अरनिया के वार्ड नंबर-12 में माता के मंदिर के अंदर लगे दानपात्र को तोड़कर उसमें नकदी चुरा ली गई है। सेवादार विजय कुमार ने बताया है कि नवरात्रि और शिवरात्रि पर दानपात्र को ले जाते थे, उसमें से नकदी को इस्तेमाल में लाया जाता था। अभी 2 महीने पहले ही दानपात्र खोला गया था और अब शिवरात्रि पर खोला जाना था, लेकिन उससे पहले ही चोरों ने इसको अंजाम दे दिया है। उन्होंने बताया कि कुल 7 से 8000 रुपये इस समय गल्ले में मौजूद हो सकते हैं। वहीं दूसरा मामला अरनिया क्षेत्र के काशीपुर वार्ड नंबर-5 में सामने आया है। इसमें 4 मंदिरों के ताले तोड़कर नकदी चुराई गई है। यह चारों मंदिर एक ही परिसर के अंदर बनाए हुए हैं। ताले तोड़ने के लिए चोरों द्वारा लोहे की भारी-भरकम चीज का इस्तेमाल किया गया है। मंदिर के मुख्य द्वार के ताले तोड़ने के बाद दानपात्र के ताले तोड़े गए हैं। एक ही रात में इतने बड़े पैमाने पर चोरी होने के चलते लोगों में आक्रोश है। लोगों ने इस संदर्भ में पुलिस को सूचित किया पुलिस ने मौके पर आकर सभी मंदिरों का निरीक्षण किया। खुद थाना प्रभारी दीपक कटोच मौके पर मौजूद थे। वार्ड-12 में माता के मंदिर में हुई चोरी को लेकर एक महिला ने बताया कि जब सुबह उसे मंदिर में से किसी की आवाज आई तो उसने देखा कि मंदिर से कोई युवक बाहर जा रहा है। जब उसने सेवादार को बताया तो तब तक वह चोरी करके भाग चुका था, लेकिन पुलिस को उसकी वेशभूषा बताने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ करना शुरू कर दी। इसमें उसने चोरी करने का मामला कबूल लिया है। उसके कब्जे से रुपये 2000 बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी की पहचान अजय कुमार निवासी वार्ड नंबर-12 अरनिया के रूप में हुई है। दूसरे चार मंदिरों में चोरी की अभी कोई भी सुराग पुलिस के हाथ नहीं लग पाया है। पुलिस की तरफ से चोरी के मामले को लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।