रियासी। जिले में सोमवार दोपहर को हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दिलाई है। इसके साथ ही तापमान में भी भारी गिरावट आई है।
शुक्रवार की शाम तक तापमान 40 के पार पहुंच गया था, जिस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। वहीं, रात को हुई बारिश में गर्मी का असर कम हुआ। शनिवार शाम को भी बूंदाबांदी होने से रविवार को भी मौसम ठंडा ही रहा है। सोमवार सुबह मौसम साफ था, लेकिन दोपहर फिर से हुई तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। बाजारों में लोग बारिश से बचने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए। लगभग एक घंटे तक हुई बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली है वहीं, तापमान में भी गिरावट आई है। शाम को बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना रहा है।