श्रीनगर। श्रीनगर रेलवे स्टेशन पर जल्द ही कपड़ा और हस्तशिल्प स्टोर खुलेगा। इसके लिए ई-टेंडर के जरिए पात्र फर्म को जगह आवंटित कर दिया गया है। यह स्टोर विभिन्न प्रकार के स्थानीय कपड़ा और हस्तशिल्प उत्पादों के माध्यम से जम्मू और कश्मीर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित और प्रचारित करेगा, जिससे यात्रियों और पर्यटकों दोनों को उपयोगिता और सौंदर्य दोनों का लाभ मिलेगा। जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि इस ठेके से तीन साल में रेलवे को कुल 11,39,876.46 रुपये की आय होगी। विश्वास जताया कि यह स्टोर यात्रियों के अनुभव को समृद्ध करेगा और अन्य स्टेशनों पर इसी तरह की पहल के लिए एक आदर्श बनेगा।