दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में सोमवार की शाम आतंकवादियों ने रेडीमेड दुकान चलाने वाले एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। आतंकियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि आतंकियों ने बिजबिहाड़ा के मरहामा के जाफरपोरा गांव में घर के बाहर अकीब अहमद डार को करीब से गोली मारी। अकीब के खून से इसके बाद आतंकी भाग निकले। अकीब के परिवार ने उसे बिजबिहाड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल अनंतनाग रेफर कर दिया गया।
यहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस तथा अन्य सुरक्षा बलों के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इससे पहले पुंछ में वीरवार को आतंकी हमले में पांच जवान शहीद हो गए।
घटना में एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहीद आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए तैयार राष्ट्रीय राइफल्स की एक इकाई में शामिल थे। सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को इस घटना की विस्तृत जानकारी दी।
इलाके में आतंकियों को खोजने के लिए अभियान चलाया गया है। इसके साथ ही ड्रोन से निगरानी भी की जा रही है। पूरे इलाके में चेकिंग की जा रही है। सेना के मुताबिक जिस वाहन में जवान सवार थे उस पर आतंकवादियों ने अचानक फायरिंग कर दी।
ग्रेनेड में विस्फोट होने के कारण वाहन में आग लगने से जवान इसकी चपेट में आ गए। जिस समय यह हमला हुआ उस दौरान इलाके में बारिश के कारण बहुत कम दृश्यता थी। आतंकियों ने इसी का फायदा उठाया।अधिकारियों ने बताया कि आतंकियों को पकड़ने के लिए अभियान जारी है।