पुलवामा में आतंकवादियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। यहां आतंकवादियों ने ईंट-भट्टे पर काम करने वाले एक मजदूर की हत्या कर दी। मामले की जानकारी होते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। इस घटना को वारदात देने वाले आतंकी व उसके समूह की अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलवामा के काकपोरा इलाके में आतंकवादियों द्वारा मारे गए व्यक्ति की पहचान छत्तीसगढ़ के सेठी कुमार सागर के रूप में हुई है। वह नेहामा में एक ईंट भट्टे पर काम कर रहा था।
इससे पहले दक्षिणी कश्मीर में आतंकियों ने मंगलवार को लगातार दूसरे दिन हमला किया। सोमवार को शोपियां में सेब लाद रहे ट्रक के चालक की हत्या के बाद मंगलवार शाम को पुलवामा चौक पर सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर ग्रेनेड हमला किया। हालांकि, ग्रेनेड सड़क पर गिरकर फटा नहीं। इससे किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।
इस बीच शोपियां में ट्रक चालक की हत्या के बाद पुलिस ने 15 संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। प्रारंभिक छानबीन में पुलिस को पता चला है कि घटना में चार आतंकी शामिल थे, जिनमें एक के पाकिस्तानी होने का शक है। बताते हैं कि दो आतंकी ट्रक के आगे और दो पीछे थे।