हमले की फिराक में तीन आतंकी गिरफ्तार
उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा में तीन आतंकियों को सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार बरामद किए गए हैं। इन्हें सुरक्षाबलों पर हमले और स्थानीय लोगों को निशाना बनाने का टास्क सौंपा गया था। पुलिस, सेना की 21-आरआर(राष्ट्रीय राइफल्स) और सीआरपीएफ की 92 बटालियन के जवान गुरुवार को हंदवाड़ा में फ्रूट मंडी क्रॉसिंग पर नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान तीन संदिग्ध सुरक्षाबलों को देखकर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन जवानों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से एक पिस्तौल, एक मैगजीन, सात कारतूस, दो ग्रेनेड व अन्य हथियार बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इन्हें हंदवाड़ा में आतंकी हमलों को अंजाम देने, लोगों को नुकसान पहुंचाने और क्षेत्र में शांति भंग करने का काम सौंपा गया था।
सुरक्षाबलों की समय पर कार्रवाई ने आतंकियों के मंसूबे को नाकाम कर दिया। पकड़े गए आतंकियों की पहचान मंजूर अहमद निवासी सगीपोरा और शौकत अहमद भट निवासी खानू बाबागुंड के रूप में हुई है। तीसरे के नाबालिग होने का शक है। इस वजह से उसकी उम्र की जांच कराई जा रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हमले पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों द्वारा किए गए ग्रेनेड हमले में बिहार के मो. मुमताज की मृत्यु दुःखद है। मृतक के परिजन को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपए दिए जाएंगे।