सोपोर/श्रीनगर। घाटी में लश्कर के सात आतंकियों को गिरफ्तार कर उनसे बड़ी संख्या में हथियारों का जखीरा बरामद किया गया है। पूछताछ में उन्होंने अहम खुलासे किए हैं। बताया कि लश्कर ने रजिस्टेंस फ्रंट नाम से छद्म संगठन खड़ा कर लिया है। पकड़े गए आतंकी इसी संगठन से जुड़े थे। संगठन बारामुला के सोपोर से कुपवाड़ा के केरन तक सक्रिय है। पाकिस्तान के एंड्रूू जोंस नामक व्यक्ति के टेलीग्राम मैसेंजर पर सभी काम करते थे। एंड्रू जोंस ने एहतेशाम फारूक मलिक, शफाकत अली, मुसैब हसन भट व निसार अहमद गनई को स्थानीय युवाओं को भर्ती का जिम्मा सौंपा था। शराफत ने पूछताछ में बताया कि उसने दो अन्य के साथ एलओसी पार से हथियारों व गोला-बारूद का जखीरा प्राप्त किया है और उसे केरन के कोबरा पोस्ट के पास छिपाकर रखा है। इसे वहीं से बरामद किया गया।