जम्मू के मालपुर क्षेत्र में एक संदिग्ध सिलिंडर मिलने से दहशत फैल गई। लोगों की सूचना पर पहुंचे सेना के जवानों ने बम स्क्वायड को मौके पर बुलाया और सिलिंडर को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर नष्ट कर दिया। इस मामले में सुरक्षाबलों और पुलिस की जांच जारी है। वहीं, अमरनाथ यात्रा को बाधित करने के इनपुट पर भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा बलों ने वीरवार को तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान घुसपैठ के पुराने मार्गों को खंगाला।
घटना वीरवार सुबह की है। कानाचक पुलिस थाना के अंतर्गत पंचायत मालपुर के गांव चंदेल में परगवाल रोड के पास संदिग्ध सिलिंडर बरामद हुआ। इस जगह से करीब 100 मीटर की दूरी पर ही सेना की यूनिट भी स्थित है। सूचना मिलते ही सेना के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे।
पुलिस और बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया। सुरक्षाबलों ने कुछ देर के लिए सड़क को बंद कर दिया और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद संदिग्ध सिलिंडर को जेसीबी की मदद से एक गहरे गड्ढे में डाल कर नष्ट कर दिया गया। एसडीपीओ दोमाना सुनील सिंह ने बताया कि यह सिलिंडर यहां कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।
अमरनाथ यात्रा बाधित करने के इनपुट पर घुसपैठ के पुराने मार्ग खंगाले
अमरनाथ यात्रा को बाधित करने के इनपुट पर भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा बलों ने वीरवार को तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान घुसपैठ के पुराने मार्गों को खंगाला। आशंका जताई जा रही है कि आतंकवादी स्टिकी बम का इस्तेमाल कर सकते हैं।
तलाशी अभियान के दौरान लोगों को जागरूक भी किया गया। एसओजी, सीआरपीएफ के जवानों ने सीमावर्ती गांव सारथी, नाडाला व बब्बर नाले में तलाशी अभियान चलाया। यह घुसपैठियों का पुराना मार्ग रहा है। डिप्टी एसपी आपरेशन गारू राम ने कहा कि यह रूटीन तलाशी अभियान था।
जीरो लाइन के पीछे के हिस्सों को पूरी तरह से खंगाला जा रहा है, ताकि पाकिस्तानी ड्रोन व कोई शरारती तत्व किसी संदिग्ध वस्तु को न फेंक सके। पुलिस एसओजी व सीआरपीएफ के जवान बॉर्डर पर घुसपैठ के मार्गों को खंगाल रहे हैं। अमरनाथ यात्रियों को कड़ी सुरक्षा दी जा रही है।
जिला में जहां-जहां यात्रियों को ठहराया जा रहा है, वहां पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि आतंकवादी स्टिकी बम का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आम लोगों को भी जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस व सुरक्षा बल अमरनाथ यात्रियों को पूरी सुरक्षा दे रहे हैं। यात्री बेखौफ होकर यात्रा करें। सीमावर्ती लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है।