अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू के रहने वाले वुशू खिलाड़ी सूर्य भानु प्रताप ने रूस के कजान में होने वाली ब्रिक्स खेलें 2024 के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की है। वह जम्मू-कश्मीर से एक मात्र खिलाड़ी हैं जिनका चयन इन खेलों के लिए हुआ। यह खेलें 11 से 24 जून तक चलेंगी।
ब्रिक्स खेलों के लिए देश की 14 सदस्यीय वुशू टीम क चयन किया गया था, जिसमें भानु प्रताप भी शामिल हैं। उनका चयन 65 किलोभार वर्ग के लिए हुआ है। राष्ट्रीय वुशू कोच कुलदीप हांडा ने कहा कि राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बन देश का प्रतिनिधित्व करना हर खिलाड़ी का सपना होता है। उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने इन खेलों को लेकर काफी तैयारी की है। भानु का मुकाबला 12 और 13 जून को होगा। भानु प्रताप ने 2018 में एशियाई खेलों में वुशू में 60 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा 2015 में ईरान में हुए पांचवें अंतरराष्ट्रीय पारस कप वुशू चैंपियनशिप में कांस्य पदक, 2015 में जकारता में 13वीं वर्ल्ड वुशू प्रतियोगिता में कांस्य पदक, 2014 में हांगकांग में 12वीं हांगकांग अंतरराष्ट्रीय वुशू प्रतियोगिता में रजत पदक और 2016 में शिलांग में हुई 12वीं साउथ एशियन खेलों के वुशू इवेंट में स्वर्ण पदक जीता है। ब्यूरो