घगवाल में राशन डिपू पर खराब आटे की शिकायत करते लोग
- फोटो : SAMBA
घगवाल। कस्बे के राशन डिपो पर खराब आटा मिलने पर लोगों में रोष है। स्थानीय पंच रमण शर्मा ने कहा कि सरकारी राशन डिपो में इस माह पहुंचा आटा खराब है। इस माह राशन डिपो से जो आटा मिला है उसमें बदबू एवं मिट्टी है।
वहीं बडे़-बडे़ ढेले बने हैं। आटा खाने लायक नहीं है। आटा वापस करने के लिए डीलर के पास जाते हैं तो वह जवाब देता है कि पीछे से ही ऐसे आया है। स्थानीय पंच के अनुसार एक तो पहले से ही क्षेत्र में आटे की किल्लत से गरीबों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ऊपर से जो इस वर्ष लोगों को थोड़ा बहुत सरकारी आटा जारी किया गया है वह खाने लायक नहीं है। आटे में मिट्टी जैसी कोई वस्तु मिली है। उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग से खराब आटे को वापस लेकर फिर से आटा जारी करने की मांग की।
------
प्रेमनाथ ने कहा कि हमारे पास विभाग का स्टोर नहीं है। विभाग ने दुकानों को किराए पर लिया है। बरसात में नीचे पड़ी आटे की बोरियां जम जाती हैं। आटा खराब नहीं है यदि किसी को लगता है कि आटा खराब है वह बदल देंगे।
-प्रेम नाथ, टीएसओ, खाद्य आपूर्ति विभाग, घगवाल