अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर के सभी 75 वार्डों में दो चरणों में स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। इसके लिए पीडीडी, ईईएसएल और आवास एवं शहरी विकास विभाग के बीच त्रिपक्षीय समझौता हुआ है। पीडीडी को संपूर्ण बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराना है जिसमें खंभे, तारें और सहायक उपकरण शामिल हैं। ईईएसएल को आवश्यकता के अनुसार विभिन्न वॉट की लाइटें देनी हैं व सात साल के लिए रखरखाव करना है। निगम पर रखरखाव के लिए भुगतान करने की जिम्मेदारी है। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त राहुल यादव ने वीरवार को दी।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में 61300 लाइटें लग चुकी हैं और दूसरे चरण में 35130 में से करीब 31500 लाइटें लगाई जा चुकी हैं। यदि लाइटों को लेकर कोई शिकायत है तो संबंधित विभाग या कंपनी को कर सकते हैं। टोल फ्री नंबर 1800-180-3580, जेकेएलईडी एप और ईईएसएल संपर्क एप पर समस्या बताई जा सकती है। ईईएसएल द्वारा नियमित आधार पर लाइटों को ठीक किया जा रहा है जिसका रिकॉर्ड भी रखा जा रहा है।
पांच वर्ष और चलेंगी लाइटें
बता दें 2019 में अनुबंध हुआ था, लेकिन काम 2021 में शुरू हुआ। सात साल तक जिम्मेदारी ईईएसएल की है। ऐसे में पांच साल तक लाइटें और चलेंगी। हालांकि शुरुआत में अनुबंध 50 हजार लाइटों का था। इसके बाद संख्या 10 हजार और बढ़ गई। समय समय के साथ संख्या बढ़ती गई और अब तक 96 हजार के आसपास लाइटें लग गई हैं। भविष्य में जरूरत के हिसाब से लाइटों की संख्या बढ़ाई जाएगी।