पहले दिन काफी संख्या में लोगों ने जन्नत में किए फूलों के दीदार, फ्लोरीकल्चर विभाग के आयुक्त सचिव ने किया दौरा
- 55 हेक्टेयर भूमि में लगाए गए हैं 73 किस्मों के 17 लाख ट्यूलिप
- 05 किस्में और एक लाख ट्यूलिप बल्ब इस बार अतिरिक्त
- 3.77 लाख सैलानियों ने पिछले साल निहारे थे फूल, रिकॉर्ड टूटने की संभावना
- 22000 वर्ग फुट अतिरिक्त पार्किंग स्थान जोड़ा गया उद्यान में
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में डल झील के किनारे जबरवान पहाड़ियों के दामन में स्थित एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप गार्डन शनिवार को सैलानियों के लिए खोल दिया गया है। इस दौरान फ्लोरीकल्चर विभाग के आयुक्त सचिव शेख फैयाज अहमद ने दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस बार बाग में 55 हेक्टेयर भूमि में लगाए गए हैं 73 किस्मों के 17 लाख ट्यूलिप लगाए गए हैं, जोकि पिछले साल की तुतला में पांच किस्में एक लाख ज्यादा ट्यूलिप बल्ब हैं। पहले दिन काफी संख्या में सैलानियों ने हिस्सा लेकर फूलों के दीदार किए।
आयुक्त सचिव ने कहा कि हर साल स्थानीय लोग और पर्यटक ट्यूलिप गार्डन में ट्यूलिप के फूलों का दीदार करने के लिए बेताब रहते हैं। पिछले साल 68 किस्मों के 16 लाख ट्यूलिप बल्ब लगाए थे। 2023 में 3.77 लाख सैलानियों ने इस गार्डन का दौरा किया था। अब उम्मीद है कि इस बार रिकॉर्ड टूटेगा।
फ्लोरीकल्चर विभाग चरणबद्ध तरीके से ट्यूलिप बल्ब लगाता है, ताकि फूल एक माह या उससे अधिक समय तक खिले रहें। अभी कम ही फूल खिले हैं और जब बगीचा पूरी तरह से खिल जाएगा तो इसका नजारा ही कुछ और होगा। अधिकारी ने कहा कि विभाग ने आगंतुकों की सुविधा के लिए उद्यान में लगभग 22,000 वर्ग फुट अतिरिक्त पार्किंग स्थान जोड़ा है। इस बीच ट्यूलिप गार्डन के खुलने के पहले ही दिन काफी पर्यटकों की भीड़ देखने को मिली है।
ट्यूलिप को देख पर्यटक हुए कायल
कोलकाता से आई सबिता दत्ता ने कहा कि काफी खुशी हुई जब हमने सुना कि आज से ट्यूलिप गार्डन खुल रहा है। हम यहां ट्यूलिप देखने आए और काफी सुन्दर नज़ारे हैं यहां के। अभी केवल एक-दो फूल ही फूटे हैं, जब पूरी तरह से फूटेंगे तो और ज़्यादा अच्छा लगेगा।
2007 में स्थापित किया गया था गार्डन
इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्यूलिप गार्डन की स्थापना 2007 में तत्कालीन मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने जम्मू-कश्मीर में पर्यटन सीजन को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से की थी। हॉलैंड से आयातित 50,000 ट्यूलिप बल्बों के साथ उद्यान छोटे पैमाने पर शुरू हुआ। इसने तुरंत ही पर्यटकों के बीच लोकप्रियता हासिल कर ली और हर साल लगातार बढ़ रहा है, पर्यटकों की संख्या और यहां खिलने वाले ट्यूलिप दोनों के मामले में। ट्यूलिप गार्डन फिल्मों और वीडियो की शूटिंग के लिए भी पसंदीदा स्थानों में से एक है।