नेकां उपाध्यक्ष ने कहा - पहले ईद मनाएंगे, सही मौका आने पर करेंगे उम्मीदवारों की घोषणा
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा कि भाजपा को परिवारवाद वाली पार्टियों से कोई आपत्ति नहीं, उनके खिलाफ आवाज उठाने वालों से आपत्ति है। मैं फक्र से कहता हूं कि मैं भाजपा की मुखालफत करता हूं। सही मौका आने पर हम पार्टी के उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे और अभी फिलहाल ईद मना लें।
श्रीनगर में पार्टी मुख्यालय में वीरवार को प्रेसवार्ता के दौरान अमित शाह के पीडीपी, नेकां और कांग्रेस के परिवारवाद पर की गई टिप्पणी को लेकर उमर ने कहा, मैंने पहले भी कहा है कि भाजपा को परिवारवाद पार्टियों से कोई आपत्ति नहीं है। आपत्ति उन पार्टियों से है जो भाजपा का विरोध करती हैं। तो जो चिराग पासवान के साथ उन्होंने गठबंधन किया क्या वो परिवारवाद नहीं है, जो पिछले दिनों अमित शाह राज ठाकरे से मिले क्या वो परिवारवाद नहीं है। जो ग्वालियर गूना से उनके उम्मीदवार हैं, क्या वो परिवारवाद नहीं।
लाल सिंह के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, मैं इसमें कुछ नहीं कहूंगा। यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है। ये सवाल कांग्रेस से करिये। कांग्रेस के इलेक्टोरल बांड को लेकर दिए गए बयान पर उमर ने कहा, अब वह कैंसिल हो गया, विषय नहीं रहा।