-महबूबा मुफ्ती ने एक्स पर लिखा फलस्तीन संकट का हल निकाला जाना चाहिए
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र संघ फलस्तीन मुद्दे को हल करने में विफल रहा है। इस्राइल के साथ मौजूदा झड़प में दोनों तरफ से निर्दोष लोग ही मारे गए हैं। वहीं, पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने इस्राइल और फलस्तीन के बीच दुश्मनी समाप्त होने की उम्मीद जताई है।
डॉ. अब्दुल्ला ने मीडिया के साथ बातचीत में कहा कि युद्ध हर तरह से खराब है, क्योंकि इससे लोगों को नुकसान होता है। इतने सारे निर्दोष इस्राइली और फलस्तीनी लोग मारे गए। युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। संयुक्त राष्ट्र संघ दशकों से चले आ रहे इस मुद्दे को सुलझाने में विफल रहा है। फलस्तीन का मसला इतने लंबे समय से लटका हुआ है और वे इसका समाधान नहीं कर रहे हैं।
वहीं, पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने एक्स पर लिखे पोस्ट में कहा कि इस्राइल और फलस्तीन के बीच खूनखराबा समाप्त होने के लिए प्रार्थना करती हूं। शांति बनी रहे, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि दुनिया को इस्राइल और फलस्तीन संघर्ष के प्रति ऐसी मौत और विनाश की वारदातों की जरूरत पड़ती है। शेष समय में साल-दर-साल चुप्पी कायम रखी जाती है। फलस्तीन संकट का हल निकाला जाना चाहिए ताकि शांति स्थापित हो सके।