उप राज्यपाल ने किया शुभारंभ, मेहमानों से जम्मू-कश्मीर का ब्रांड एंबेसेडर बन कर लौटने की अपील
पुलिस सहित अर्धसैनिक बलों की तीस टीमें ले रही हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। 23वीं अखिल भारतीय पुलिस जल खेल चैंपियनशिप 2023-24 (पुरुष और महिला) का रविवार को श्रीनगर में आगाज हो गया। इसका उद्घाटन उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने किया। चैंपियनशिप में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तीस टीमें (20 पुरुष और 10 महिलाएं) ले रही हैं। इनमें 500 खिलाड़ी और 60 तकनीकी अधिकारी, टीम मैनेजर शामिल हैं। उप राज्यपाल ने प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस को बधाई दी और खेल को बढ़ावा देने और युवाओं के समग्र विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। साथ ही मेहमान खिलाड़ियों से आतिथ्य का आनंद उठाने और लौटते समय जम्मू-कश्मीर कर ब्रांड एंबेसेडर बनने की अपील की।
उप राज्यपाल ने बेहद सफल और यादगार चैंपियनशिप के लिए सभी खिलाड़ियों, आयोजकों और खेल प्रेमियों का स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दो दशक में सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और उग्रवाद से निपटने के अलावा जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पेशेवर तरीके से 17 प्रतिष्ठित और हाई-प्रोफाइल अखिल भारतीय पुलिस चैंपियनशिप आयोजित कर रिकॉर्ड बनाया है।
निस्वार्थ सेवा के लिए पुलिस और सुरक्षा
बलों के बहादुर जवानों को दी श्रद्धांजलि
उप राज्यपाल ने कहा कि खेल, और विशेष रूप से, जल खेल, अनुशासन, टीम वर्क और लचीलेपन की भावना का प्रतीक हैं। ये गुण उन सिद्धांतों से मेल खाते हैं जिनका पालन हमारी कानून प्रवर्तन एजेंसियां हमारे समुदायों की सुरक्षा के अपने कर्तव्य में करती हैं। प्रतियोगिताओं के दौरान सीखे गए सबक उन मूल्यों का प्रमाण हैं जो हमारे पेशेवर जीवन को आकार देते हैं। इस अवसर पर, उपराज्यपाल ने राष्ट्र के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों के बहादुर जवानों को भी श्रद्धांजलि दी।