श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एवं जम्मू-कश्मीर न्यायिक अकादमी के संरक्षक जस्टिस अरुण कुमार पाली के संरक्षण में शनिवार को मोमिनबाद में कश्मीर प्रांत तथा लद्दाख की जिला न्यायपालिका के न्यायिक अधिकारियों के लिए सीपीसी और वाणिज्यिक न्यायालय अधिनियम पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। जम्मू-कश्मीर न्यायिक अकादमी (जेकेजेए) की निदेशक सोनिया गुप्ता ने कहा कि इस अधिनियम ने उच्च मूल्य वाले वाणिज्यिक विवादों के त्वरित और प्रभावी निपटारे के लिए महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। पहले सत्र का संचालन करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता फैसल कादरी ने वाणिज्यिक न्यायालय अधिनियम की पृष्ठभूमि, उद्देश्यों और क्षेत्राधिकार संबंधी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। दूसरे सत्र का नेतृत्व करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता जेड ए शाह ने कहा कि वाणिज्यिक न्यायशास्त्र में कानूनी सटीकता और व्यावहारिक समझ के बीच संतुलन जरूरी है। ब्यूरो