व्हीलचेयर पर मैराथन में हिस्सा लेने वाले दिव्यांग इरशाद मंजूर भट। अमर उजाला
श्रीनगर। कश्मीर मैराथन में रविवार को एक ऐसा भी प्रतिभागी था जो लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत था। हम बात कर रहे हैं हैदरपोरा स्थित गुलशराबाद के रहने वाले दिव्यांग प्रतिभागी इरशाद मंजूर भट की। पैर न होने के बाद भी उन्होंने हाफ मैराथन में व्हीलचेयर पर हिस्सा लिया और 21 किमी की दौड़ पूरी भी की। उन्होंने बताया कि मैं यहां किसी पदक या ट्रॉफी के लिए नहीं बल्कि दिव्यांगों की नुमाइंदगी करने आया हूं। मैं व्हीलचेयर पर 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन पूरी करने वाला पहला कश्मीरी बन गया हूं। एक महीने से मैं तैयारी कर रहा था। आप इसे पागलपन कह सकते हो पर यह मेरा जुनून है जो मुझे व्हीलचेयर पर ही सही ट्रैक पर ले आया। मैं पुलिस विभाग की ओर से होने वाली दौड़ में भी हिस्सा लेता रहता हूं। मेरी इच्छा पैरालंपिक में हिस्सा लेने की है। ब्यूरो