मरम्मत कार्य के लिए जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग शुक्रवार को रात 10 बजे से लेकर शनिवार को सुबह 6 बजे तक के लिए वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेगा। नेशनल हाईवे अथारिटी की तरफ से जारी अधिसूचना में यात्रियों से अपील की गई है कि रामबन के डलवास में मरम्मत कार्य किया जाएगा और इसके लिए शुक्रवार रात को 10 बजे से शनिवार सुबह 6 बजे तक बंद रहेगा।
इस दौरान हाईवे पर घाटी की तरफ सभी तरह के वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। गौरतलब है कि पहले भी रामबन और बनिहाल क्षेत्र के बीच मरम्मत कार्य के चलते हाईवे को सप्ताह में एक दिन के लिए हाईवे को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रखा जाता था।
इससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था लेकिन इस बार राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने यात्रियों की असुविधा का ध्यान रखते हुए इसमें बदलाव किया है। अब दिन की बजाय रात के समय मरम्मत कार्य के लिए हाईवे को बंद रखने की अधिसूचना जारी की गई है।
चालकों का कहना है कि एनएच अथारिटी का यह निर्णय सराहनीय है क्योंकि इस समय गर्मी का सीजन है और काफी संख्या में देशभर से पर्यटक घाटी घूमने आ रहे हैं, इसलिए ऐसे समय में हाईवे को बंद रखना उचित नहीं है।
इससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ सकती है। रात के समय हाईवे को अगर बंद रखा जाता है तो इससे पर्यटकों को अधिक परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।