-पुलिस ने बचाव अभियान शुरू किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उड़ी में एक पुराने पुल को तोड़ने के दौरान तीन मजदूर झेलम नदी में बह गए हैं। उड़ी के मोहुरा में यह घटना हुई है। श्रमिकों की तलाश शुरू कर दी गई है। फिलहाल इनकी पहचान सार्वजनिक नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार को झेलम नदी पर बने इस पुराने पुल को तोड़ने के काम में कई मजदूर लगे हुए थे। अचानक मजदूर नदी में गिर गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वे स्थिति का आकलन कर रहे हैं। फिलहाल कुछ भी निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता। लापता श्रमिकों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया गया है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि मजदूरों की संख्या ज्यादा तो नहीं है।