पुलिस ने अरथ क्षेत्र से महिला को बरामद कर सखी वन स्टॉप सेंटर भेजा
कोलकाता की महिला और बडगाम के बशीर पर धोखे से लाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। पुलिस ने मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में मानव तस्करी के मामले का खुलासा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही महिला को बरामद कर सखी वन स्टॉप सेंटर बडगाम के हवाले कर दिया है। तस्करी की शिकार महिला ने कोलकाता की एक महिला जैतून बीबी और अरथ, बडगाम के बशीर अहमद पर धोखे से लाने और बेचने का आरोप लगाया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बशीर अहमद और गुलाम हसन नजार दोनों निवासी अरथ बडगाम, परवेज अहमद गनी निवासी याल पट्टन और मोहम्मद रमजान गनी निवासी हंजीबुघ मागाम के रूप में हुई है।
जारी बयान में प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस पोस्ट सोइबुग को एक प्रवासी महिला के अरथ क्षेत्र में मदद मांगने और भटकने के बारे में सूचना मिली थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम महिला को बरामद सखी वन स्टॉप सेंटर बडगाम के हवाले कर दिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसे कोलकाता निवासी जैतून बीबी और अरथ, बडगाम के बशीर अहमद धोखे से कश्मीर लाए थे। इसके बाद परवेज अहमद गनी निवासी येल पट्टन को 1.30 लाख रुपये में बेच दिया और जबरन शादी करवा दी। पुलिस स्टेशन बडगाम में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।