सांबा की पल्ली पंचायत में रविवार को हुए कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और अपने अनुभव साझा किए। जम्मू-कश्मीर में खेलों को बढ़ावा देने को सरकार के प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया गया। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उन्हें और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया, खिलाड़ियों के हस्ताक्षर थे
इस दौरान खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री को एक स्मृति चिह्न भेंट किया, इस पर सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर थे। स्पोर्ट्स काउंसिल ने प्रदेश में खेल गतिविधियों से प्रधानमंत्री को अवगत करवाया, जिसमें प्रधानमंत्री विकास पैकेज के तहत हुए कार्यों के साथ-साथ हर जिले में खेलो इंडिया सेंटर और जम्मू व श्रीनगर में खेलों इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए गए हैं।
पिछले वर्ष 17.5 लाख युवाओं को विभिन्न खेल गतिविधियों में जोड़ा
खेलों में युवाओं की भागीदारी को बढ़ाने के लिए पिछले वर्ष 17.5 लाख युवाओं को विभिन्न खेल गतिविधियों में जोड़ा गया है। इस दौरान खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री के साथ अपने अनुभव भी साझा किए। प्रधानमंत्री से मिलने वाले खिलाड़ियों में द्रोणाचार्य अवॉर्ड विजेता एवं राष्ट्रीय कोच वुशु कुलदीप हांडु, वुशु खिलाड़ी भानु प्रताप सिंह, जिम्नास्टिक खिलाड़ी भवलीन कौर मौजूद रहे।
सचिव नुजहत गुल के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की
इसके अलावा फेंसिंग खिलाड़ी श्रेया गुप्ता, वॉलीबाल खिलाड़ी सकलैन तारिक, वुशु खिलाड़ी राजेंद्र सिंह, सादिया तारिक, वाटर स्पोर्ट्स खिलाड़ी बिलकिस मीर, साइकिलिस्ट आदिल तेली, फुटबॉलर दानिश, मोहम्मद इकबाल, सलीम कुमार आदि शामिल थे। जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल की सचिव नुजहत गुल के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की।