- सीआरपीएफ टी20 क्रिकेट कप, 2023 के समापन समारोह में नवाजे मेधावी
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के युवा हमारी सबसे कीमती संपत्ति हैं। यह बात मंगलवार को उप राज्यपाल ने सीआरपीएफ टी20 क्रिकेट कप, 2023 के समापन समारोह में विजेता, उपविजेता और अन्य उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कही। एलजी मनोज सिन्हा ने सीआरपीएफ श्रीनगर सेक्टर के अधिकारियों, गांदरबल, बडगाम और श्रीनगर के खिलाड़ियों को बधाई दी। सीआरपीएफ ने हमेशा सेवा और वफादारी के आदर्श वाक्य को कायम रखा है और 1949 में स्थापना के बाद से राष्ट्र प्रथम के एकल दृष्टिकोण के साथ अपनी क्षमता साबित की है।
सिन्हा ने कहा कि कश्मीर घाटी के युवाओं को शामिल करने का उनका प्रयास युवा पीढ़ी के बीच शांति, समृद्धि और नैतिक नेतृत्व का नया माहौल तैयार कर रहा है। उन्होंने अधिक अनुकूल माहौल स्थापित करने और विभिन्न खेल विषयों में जम्मू-कश्मीर की उभरती खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए मंच प्रदान करने के लिए एकजुट प्रयासों का आह्वान किया। फाइनल मुकाबला एमएलए जिमखाना क्लब बडगाम और कश्मीर टाइगर्स लाल चौक के बीच खेला गया।