संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन की दो प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ी बवंदीप कौर और लेग स्पिनर अनन्या शर्मा को नॉर्थ जोन सीनियर महिला टी20 टीम में चुना गया है। तेज गेंदबाज मरिया नूरैन को स्टैंड-बाय की सूची में शामिल किया गया है। यह चयन इंटर-जोनल सीनियर महिला टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए हुआ है जो आगामी दिनों में खेला जाएगा। चयन प्रक्रिया की बैठक जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन के मुख्यालय हॉस्टल ग्राउंड जम्मू में शुक्रवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता रीमा मल्होत्रा पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ने की। बैठक में पूर्व जेकेसीए क्रिकेटर मीनू सिंह सलाथिया, पूनम भारद्वाज, राजविंदर कौर, सुरिंदर मेहता, अमित पराशर और अंकिता जल्ला उपस्थित रहीं। बवंदीप कौर को लगातार शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन के लिए चुना गया। अनन्या शर्मा ने पिछले तीन सत्र में अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। नॉर्थ जोन टीम में शेफाली वर्मा (कप्तान), हरलीन देओल (उपकप्तान), अमनजोत कौर, दिया यादव, श्वेता सेहरावत, आयुषी सोनी, तानिया भाटिया, एसएम सिंह, भारती रावल, बवंदीप कौर, मन्नत कश्यप, अमनदीप कौर, कोमलप्रीत कौर, अनन्या शर्मा और सोनी यादव शामिल हैं।