तमिलनाडु के खिलाफ मैच जीतने के बाद जम्मू कश्मीर की टीम स्रोत जेकेसीए
जम्मू। वीनू मांकड़ अंडर-19 टूर्नामेंट में जम्मू-कश्मीर ने तमिलनाडु को दो विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम-बी लखनऊ में शनिवार को मुकाबला खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए तमिलनाडु ने 49.2 ओवर में 253 रन बनाए। इसमें ओपनर विनीथ वीके ने 94 और भारत एम ने 48 रन की पारी खेली। जम्मू-कश्मीर के लिए कप्तान ध्रुव शर्मा और जैद अहमद ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए जम्मू-कश्मीर के लिए अरिहंत शर्मा ने 104 गेंद पर 105 रन की धमाकेदार शतकीय पारी खेली। पारी में आठ चौके और पांच छक्के जड़े। इसके अलावा सलमान अहमद बक्शी (34), कमाक्ष शर्मा (27) और शिवा ठाकुर (21) रन की उपयोगी पारी खेली टीम की जीत तक पहुंचा। जेकेसीए के सदस्य प्रशासन ब्रिगेडियर अनिल गुप्ता ने टीम को बधाई देते हुए अरिहंत की पारी को कौशल और जज्बे का बेहतरीन उदाहरण बताया। ब्यूरो