तेलंगाना में खेला गया नेशनल स्कूल गेम्स अंडर-17 लड़कों का मुकाबला
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। 69वें नेशनल स्कूल गेम्स अंडर-17 लड़कों की क्रिकेट प्रतियोगिता महबूब नगर (तेलंगाना) में करवाई जा रही है। सोमवार को खेले गए मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने सीबीएसई की टीम काे 87 रनों के अंतर से हराया। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले आयोजित मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों ने 15 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 197 रन बनाए। मुसियब ने 58 रनों की पारी खेली। अर्श ने 44 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को संभाला। सीबीएसई के गेंदबाजों ने कड़ी टक्कर देने की कोशिश की। श्रीहान और शौर्य ने एक-एक विकेट लिया। 198 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सीबीएसई की टीम 109 रनों पर ही ऑलआउट हो गई। हर्षित ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 33 रन बनाए।