शांतुल रैना के 145 रनों की बदौलत जम्मू विश्वविद्यालय सेमीफाइनल में
- कुलपति टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में चंडीगढ़ की टीम को 73 रनों से हराया
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। लुवास विश्वविद्यालय हिसार में चल रहे कुलपति टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में शांतुल के 145 रनों की बदौलत जम्मू विश्वविद्यालय (जेयू) की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। वीरवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जम्मू विश्वविद्यालय ने चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की टीम को 73 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जेयू ने 20 ओवरों में 234 रनों का विशाल स्कोर बनाया।शांतुल रैना ने 15 छक्कों और 7 चौकों की मदद से शानदार 145 रन बनाए। विशाल (30 रन), राजेश (28 रन) और संदीप (23 रन) ने भी अच्छा साथ दिया। चंडीगढ़ के लिए राजेश कुमार ने 38 रन देकर दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ की टीम 20 ओवर में नाै विकेट खोकर 161 रन ही बना पाई। जेयू की ओर से करण शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 31 रन देकर पांच विकेट लिए। शांतुल रैना को शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।