जेयू राज्य स्तरीय हैकाथॉन प्रतियोगिता में रहा उपविजेता
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय के डिजाइन योर डिग्री बीटेक (कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं गणितीय नवाचार) कार्यक्रम के छात्रों ने इस्लामिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आईयूएसटी) अवंतीपोरा की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय हैकाथॉन में उपविजेता का स्थान प्राप्त किया है। सात सदस्यीय विजेता टीम में आदिल महाजन, तविशी अमला, पवनदीप सिंह, भूमि समनोत्रा, अविचल बद्याल, गौरव शर्मा और सुहानी बहल शामिल रहे। इन्होंने प्रतियोगिता में असाधारण तकनीकी दक्षता, रचनात्मकता और टीम वर्क का प्रदर्शन किया। जम्मू विश्वविद्यालय के शोध सहायक मोहसिन हसन ने कार्यक्रम के दौरान छात्रों का मार्गदर्शन किया। बुधवार को विश्वविद्यालय के कुलपति सचिवालय में एक सम्मान समारोह करवाया गया। वीसी प्रो. उमेश राय ने छात्रों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और नवाचार एवं सहयोग की उनकी भावना की सराहना की। ब्यूरो