जम्मू। जम्मू-कश्मीर की गोल्डन गर्ल्स ने निशानेबाजी में अपना जलवा बिखेरा है। खेलो इंडिया से मान्यता प्राप्त अकादमी मिशन ओलंपिक शूटिंग अकादमी जम्मू की दोनों निशानेबाजों ने राष्ट्रीय निशानेबाजी सर्किट में दबदबा बनाया है। कैटरीना कैफ और लोविया परिहार ने 27वीं अखिल भारतीय कुमार सुरेंद्र सिंह इंटर स्कूल शूटिंग चैपिंयनशिप में दो स्वर्ण पदक जीते। कैटरीना ने आईएसएसएफ दस मीटर एयर राइफल सब यूथ महिला वर्ग में 629.7 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। लोविया ने एनआर दस मीटर एयर राइफल सब यूथ जूनियर महिला वर्ग में 397-400 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक झटका। जेकेआरए के संस्थापक और पूर्व डीजीपी दिलबाग सिंह, अध्यक्ष कुलदीप जमवाल, महासचिव शरत चंद सिंह ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। यह शानदार उपलब्धि मिशन ओलंपिक शूटिंग अकादमी जम्मू की प्रतिष्ठा को मजबूत बनाती है। ब्यूरो