जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में अंतर कॉलेज महिला कबड्डी प्रतियोगिता के बुधवार को रोमांचक मुकाबले हुए। राजकीय डिग्री काॅलेज बिलावर और उधमपुर की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। जिम्नेजियम हॉल में प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न कॉलेजों की महिला टीमों ने दमखम दिखाया। पहले मुकाबले में जीडीसी बिलावर ने जीडीसी कठुआ को 20-10 से हराया। जीडीसी रामनगर की टीम ने जीडीसी घगवाल को 18-10 से हराया। त्रिकुटा कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन ने जीडीसी मढ़ीन की टीम को 36-18 से हराकर मुकाबला अपने नाम किया। महिला कॉलेज उधमपुर की लड़कियों ने जीडीसी रियासी को 23-19 से मात दी। जीडीसी बिलावर ने शानदार खेल दिखाते हुए जीडीसी रामनगर को 40-20 से हराया। दिन के अंतिम मुकाबले में महिला कॉलेज उधमपुर ने त्रिकुटा कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन को 26-10 से हराया। प्रतियोगिता अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले वीरवार को खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का आयोजन जम्मू विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल निदेशालय की ओर से निदेशक डॉ. दाऊद इकबाल बाबा की देखरेख में किया जा रहा है। संवाद