जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में बुधवार से जूडो और फेंसिंग खेल में 67वीं राष्ट्रीय स्कूल खेलों का आगाज किया जाएगा। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है, जो 24 नवंबर तक चलेंगी। राष्ट्रीय स्कूल खेलों में जूडो अंडर-14 के ब्वॉय-गर्ल्स और फेंसिंग अंडर-19 के ब्वॉय-गर्ल्स वर्ग में मुकाबले खेले जाएंगे। विभाग के निदेशक सुभाष कुमार छिब्बर ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में जानकारी दी कि जूडो के मुकाबले 19 नवंबर तक खेले जाएंगे, जबकि फेंसिंग के 20 से 24 नवंबर तक होंगे। विभिन्न प्रदेशों से आए खिलाड़ियों को आयोजन स्थल के नजदीक कालका धाम में ठहराया गया है। 30 टीमें इसमें भाग ले रही हैं। राष्ट्रीय स्कूल गेम्स के पहले चरण में श्रीनगर में फुटबाल और वालीबॉल के मुकाबले खेले गए थे, जिसमें फुटबॉल में जम्मू-कश्मीर ने स्वर्ण और वालीबॉल में कांस्य पदक जीता। ब्यूरो