- 45 कालेजों और जम्मू विवि के विभिन्न विभागों से 1200 प्रतिभागी दिखाएंगे प्रतिभा
- 16 नवंबर की सुबह समूह भारतीय गीत श्रेणी से होगी कार्यक्रम की शुरूआत
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। टैलेंट के महाकुंभ डिस्पले योर टैलेंट का आगाज 16 नवंबर होगी। सुबह 10.30 बजे जम्मू विश्वविद्यालय के राजिंदर सिंह सभागार में समूह भारतीय गीत श्रेणी से इसकी शुरूआत होगी। टैलेंट के इस महाकुंभ में पहली बार एक हजार से 1200 प्रतिभागी हिस्सा लेने जा रहे हैं। जम्मू विवि के विभिन्न विभागों और जम्मू संभाग के 45 कालेजों की तरफ से इसमें प्रवेश किया गया है। अब इनके अधीन 1200 प्रतिभागी विभिन्न श्रेणियाें में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। वीसी उमेश राय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। यह टैलेंट हंट 16 नवंबर से शुरू होकर 29 नवंबर तक चलेगा। राजिंदर सिंह सभागार, जोरावर सिंह सभागार और डीन स्टूडेंट वेलफेयर ब्लाॅक में सभी श्रेणियों की प्रतियोगिता अलग-अलग दिनों में होगी। आयोजन के लिए डीन स्टूडेंट वेलफेयर विभाग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कल्चरल अधिकारी इफरा काक का कहना है कि दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों में स्थापित काॅलेजों की तरफ से इस बार प्रवेश लिया गया है, जबकि डिस्टेंस और ऑनलाइन एजुकेशन के विद्यार्थी भी हिस्सा ले रहे हैं।