राष्ट्रीय खेल दिवस पर आईआईएमसी में आयोजित खेल प्रतियोगिता में चेस खेलती छात्राएं फोटो आईआईएमसी
जम्मू। भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी) जम्मू ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इसमें हिंदी, अंग्रेजी पत्रकारिता के साथ डिजिटल मीडिया के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर टेबल टेनिस, कैरम और शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। अंग्रेजी पत्रकारिता पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन रहा।
टेबल टेनिस के पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में अंग्रेजी पत्रकारिता के मोहम्मद हैदर और पुनीत राजावत ने जीत दर्ज की। महिला वर्ग में अंग्रेजी पत्रकारिता के मैत्री ठक्कर विजेता बने। शतरंज स्पर्धा के महिला वर्ग में अंग्रेजी पत्रकारिता की स्तुति जीती और पुरुष वर्ग में डिजिटल मीडिया के मोहम्मद आदिल शमीम जीते। कैरम में डिजिटल मीडिया की लॉरेल और जाह्नवी वर्मा ने महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला जीता। जबकि, हिंदी पत्रकारिता के मोहित सिंह और इंद्रजीत कुमार ने पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले को अपने नाम किया।
बारिश के कारण वॉलीबॉल प्रतियोगिता स्थगित करनी पड़ी। इसके बाद विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर प्रोत्साहित किया गया। आईआईएमसी जम्मू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. दिलीप कुमार ने विद्यार्थियों से किसी एक खेल को अपने जीवन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान को रैगिंग मुक्त बनाने पर विशेष व्याख्यान
आईआईएमसी जम्मू में एंटी रैगिंग दिवस पर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। सहायक प्रोफेसर डॉ. रविया गुप्ता ने शिक्षण संस्थान को रैगिंग मुक्त बनाने के विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। इसमें उच्च शिक्षा संस्थानों में रैगिंग खत्म करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमों के अनुरूप एंटी-रैगिंग सप्ताह वीरवार से मनाया जा रहा है। ब्यूरो