अखनूर। व्हाइट नाइट प्रीमियर लीग में अखनूर में जम्मू-कश्मीर के प्रतिभाशाली युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी जारी है। रविवार को प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में किश्तवाड़ नाइट राइडर्स और पुंछ पैंथर्स के बीच मैच खेला गया। पुंछ पैंथर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए किश्तवाड़ नाइट राइडर्स को 136 रन का लक्ष्य दिया, जिसे नाइट राइडर्स के लिए आसान लक्ष्य माना जा रहा था। हालांकि नाइट राइडर्स नई गेंद का फायदा नहीं उठा सके, और तेजी से विकेट गंवाए और लक्ष्य का पीछा करने के दौरान 20 ओवर में 102 रन ही बना सके। पुंछ पैंथर्स ने 33 रन से मैच जीत लिया और पुंछ पैंथर्स के मोहम्मद इमरान को उनकी 32 रन की पारी और दो विकेट लेने के लिए मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सेना के क्रॉस स्वॉर्ड्स डिवीजन के उप जीओसी मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने राष्ट्र निर्माण और जम्मू-कश्मीर के युवाओं के प्रति सेना की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उन्हें अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करने और एक उज्जवल कल की ओर कदम बढ़ाने के लिए व्हाइट नाइट प्रीमियर लीग जैसे मंच प्रदान किए।