1.20 लाख रुपये रिकवर कर पीड़ितों को सौंपे
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जिला पुलिस ने साइबर ठगी के चार मामलों को सुलझाने का दावा किया है। साइबर विंग ने आरोपियों के खातों को सीज कर 1.20 लाख रुपये रिकवर किए और उन्हें पीड़ितों के हवाले कर दिया है।
पुलिस के साइबर विंग से मिली जानकारी के अनुसार पहले मामले में शिकायतकर्ता को अज्ञात व्यक्ति से काल आया जिसने उसे योनो ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा। ऐप डाउनलोड होते ही 23700 रुपये खाते से कट गए। दूसरा मामला ठग द्वारा पीड़ित के गूगल पे को हैक करने का है। इसके माध्यम से 61000 रुपये खाते से निकाल लिए। तीसरे मामले में पीड़ित ने अल्फाइन ऐप में निवेश किया। इसकी वजह से 56000 रुपये की ठगी हुई है। चौथा मामला एक महिला द्वारा पीड़ित को काल करके कुछ सामान बेचने के नाम पर 20 हजार रुपये की ठगी का है। सभी मामलों में पुलिस की साइबर विंग ने आरोपियों के बैंक खातों को सीज कराते हुए 1.20 लाख की रिकवरी की।